गायिका मधुश्री का गाया हिंदी गीत ‘टुक टुक’ मोहनलाल स्टारर मलयालम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हृदयपूर्वक’ में हुआ सुपरहिट
- ssoni43
- Oct 23, 2025
- 2 min read


Mumbai
‘युवा’ फिल्म के “कभी नीम नीम, कभी शहद शहद” और ‘बाहुबली 2’ के “कान्हा सो जा ज़रा” जैसे सुपरहिट गीतों को अपनी मधुर आवाज़ देने वाली मशहूर गायिका मधुश्री ने अब मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में भी अपना जलवा बिखेर दिया है। सुपरस्टार मोहनलाल अभिनीत मलयालम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हृदयपूर्वक’ का उनका गाया हुआ हिंदी गीत “टुक टुक” रिलीज़ होते ही धमाल मचा रहा है और दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया है।
निर्देशक सत्यन अंथीकड के निर्देशन में बनी इस फिल्म का यह भव्य शादी का गीत खास इसलिए भी है क्योंकि यह पहली बार किसी मलयालम फिल्म में हिंदी गीत शामिल किया गया है। गाने का शानदार फिल्मांकन और मधुश्री की सुरीली आवाज़ ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
मधुश्री ने अपनी खुशी जताते हुए कहा, “मुझे बेहद प्रतिभाशाली संगीतकार जस्टिन प्रभाकरण का फोन आया। जब मैंने गाना सुना तो पूछा कि यह तो हिंदी गीत है जबकि फिल्म मलयालम है। उन्होंने बताया कि यह एक सिचुएशनल सॉन्ग है। जब मैंने इसे रिकॉर्ड किया तो एक अलग ही अनुभव रहा। इसके बोल राज शेखर ने बहुत खूबसूरती से लिखे हैं। जब मैंने इसका पिक्चराइजेशन देखा तो बहुत अच्छा लगा। मैं निर्देशक का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मुझे यह मौका दिया।”
संगीतकार जस्टिन प्रभाकरण ने कहा, “मैंने फिल्म के लिए एक शादी का गीत ‘टुक टुक’ तैयार किया है जिसे राज शेखर ने लिखा है। जब मैं यह गीत कंपोज कर रहा था तो महसूस हुआ कि इसे सिर्फ मधुश्री जी ही गा सकती हैं। मैं उनकी आवाज़ का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। उन्होंने गीत की भावनाओं को बखूबी समझकर इसे बेहद सुंदरता से गाया और इसमें जान डाल दी।”
निर्देशक सत्यन अंथीकड ने कहा, “मैं मधुश्री का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने इस खूबसूरत गीत को अपनी आवाज़ दी और इसे यादगार बना दिया।”
‘टुक टुक’ के सुपरहिट होने के साथ ही मधुश्री ने एक बार फिर साबित किया है कि वह न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी अपनी सुरमयी आवाज़ से दर्शकों का दिल जीतने की क्षमता रखती हैं।
.png)


Comments