पश्चिम रेलवे के सतर्कता विभाग ने जांच के दौरान लाल चंदन की तस्करी का भांडाफोड़ किया
- ssoni43
- Jan 21, 2025
- 2 min read

Mumbai
पश्चिम रेलवे की सतर्कता टीम ने हाल ही में रेलवे पार्सल परिवहन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा बढ़ाने के एक ठोस प्रयास के दौरान मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर लाल चंदन की तस्करी का पता लगाया। एक विशेष जांच के दौरान ट्रेन द्वारा ले जाए जा रहे लाल चंदन की लकड़ी की तस्कारी का पता लगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कड़ी कार्रवाई जो 12 घंटे से अधिक समय तक चली, ट्रेन संख्या 12956 जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लीज़ पार्सल वैन पर केंद्रित थी। इस निरीक्षण के दौरान चार संदिग्ध पैकेज पाए गए और गहन जांच करने पर पैकेजों में लाल चंदन की लकड़ी के 15 लट्ठे पाए गए, जिनका वजन लगभग 93 किलोग्राम था। पहचान से बचने के लिए इस खेप को वैध पार्सल बुकिंग के तहत गलत तरीके से घोषित किया गया था। माल प्राप्तकर्ता को पकड़ लिया गया और अवैध माल के साथ-साथ अपराधी को आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया।
लाल चंदन एक अत्यधिक मूल्यवान वस्तु है, जिसकी व्यापारिक गतिविधियों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रतिबंध है। इस अधिनियम को भारत सरकार ने वन्यजीवों और उनके आवासों की रक्षा के लिए लागू किया था, ताकि देश की पारिस्थितिकी और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
श्री विनीत ने आगे बताया कि रेलवे संसाधनों के किसी भी तरह के दुरुपयोग को गैरकानूनी गतिविधियों के लिए रोकने के लिए सतर्कता और सुरक्षा जांच की जाती है और इसे और भी तेज किया जाएगा। यात्रियों और हितधारकों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और रेल परिवहन में सुरक्षा और अखंडता बनाए रखने में मदद करने के लिए रेल अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें।
.png)



Comments